भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा दुर्ग जिले के भिलाई-चरौदा स्थित दुर्गा भवन में आयोजित जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 3 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापना एवं संचालन से जुड़ी आवश्यक जानकारी और कौशल प्रदान करना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक शदाब खान ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इसके अलावा प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना तैयार करने, वित्तीय प्रबंधन, दस्तावेजीकरण, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण तथा बाजार लिंकेज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं संवादात्मक पद्धति से संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न आयामों की बेहतर समझ विकसित हुई।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसाय योजना, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रशिक्षक शदाब खान ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया।
समापन समारोह में शदाब खान ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में प्रेरित करते हैं। प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे अपने भविष्य के व्यवसायिक जीवन के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ