भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा सेमिनार हॉल, जिला उद्योग भवन, दुर्ग में 17 एवं 18 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय दो दिवसीय उन्नत उद्यमिता विकास प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उद्यमिता एवं MSME से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, उद्यमियों की क्षमता का विकास करना तथा उन्हें व्यवसाय विस्तार, सरकारी योजनाओं और आधुनिक व्यावसायिक तकनीकों से जोड़ना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक शादाब खान ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास के अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं संवादात्मक शैली में संचालित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया तथा आधुनिक उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्रशिक्षक से अपने प्रश्न पूछे और व्यवसाय से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर आगामी चरण में आयोजित किए जाने वाले उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों से सहमति भी प्राप्त की गई। प्रशिक्षक शादाब खान ने आगामी प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों को सफल उद्यमी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं।
भावसर फाउंडेशन ने बताया कि RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नए एवं मौजूदा उद्यमियों को व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साह और सकारात्मक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ