Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

नदी की रेत में दबी मिली अज्ञात युवक की लाश, गला घोंटकर हत्या की आशंका

NBP NEWS/ मोहला-मानपुर,06 मार्च 2026 जिले मानपुर विकासखंड के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब भैसाराटोला ( हलबा पारा)और चावरगांव के बीच स्थित नदी में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। शव नदी किनारे रेत में कमर से ऊपर तक दबा हुआ मिला, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को नदी किनारे तेज बदबू आने पर वहां पहुंचे, वहां कुत्ते रेत को खोदे थे, जिससे शव का कमर से पैर तक का हिस्सा बाहर दिखने लगा। जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो रेत में दबा हुआ शव नजर आया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
चार मार्च को सूचना  मिलते ही मदनवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पांच मार्च 2026 को पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की। शव को रेत से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव लगभग सात दिन पुराना होने के कारण उसमें सड़न की स्थिति थी चेहरा भी साफ नहीं दिख रहा है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की गमछा से गला घोंटकर हत्या की गई है और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी के अंदर रेत में दबा दिया गया।
मदनवाड़ा थाना प्रभारी खोमन भंडारी ने बताया कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया गमछे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की संभावना सामने आई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अज्ञात मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और लापता व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं, इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ