NBP NEWS/गरियाबंद, 02 जुलाई
भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा रिपा भवन, श्याम नगर, राजिम में 31 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक जिला स्तरीय तीन दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य विषय पर्यटन आधारित उद्यमिता विकास रहा, जिसमें जिले के 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापित करने और संचालित करने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच और व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक अमित करांदे ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध व्यावसायिक संभावनाओं और स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया।

विशेष सत्रों में प्रतिभागियों को राजिम के पर्यटन महत्व, स्थानीय पर्यटन की मांग, उपलब्ध सुविधाएं, स्थानीय हुनर, पर्यटन आधारित सामूहिक व्यवसाय, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव, वित्तीय प्रबंधन तथा बाजार से जुड़ने की रणनीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं व्यावहारिक पद्धति से संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को पर्यटन क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने की व्यावहारिक समझ विकसित हुई।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसाय योजना, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रशिक्षक अमित करांदे ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

समापन समारोह में प्रशिक्षक अमित करांदे ने सभी प्रतिभागियों को पर्यटन आधारित उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के व्यावसायिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे पर्यटन क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।