भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा 13 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक बकरुमा सामुदायिक भवन, बकरुमा (रायगढ़) में जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए उद्यमिता, स्वरोजगार तथा MSME से संबंधित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापित करने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान करना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME इकाइयों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक भरत यादव ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही स्वरोजगार के अवसरों, व्यवसाय की योजना तैयार करने, सरकारी सहायता प्राप्त करने और बाजार से जुड़ने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी मार्गदर्शन दिया।
12 दिनों तक चले प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं व्यवहारिक शैली में संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय योजना, बाजार विश्लेषण और उद्यम संचालन की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
प्रशिक्षण के समापन से पूर्व आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए दस्तावेजीकरण, व्यवसाय योजना, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे। प्रशिक्षक भरत यादव ने सभी जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए प्रतिभागियों को सफल उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक सुझाव दिए।
समापन अवसर पर भरत यादव ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने की शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया।
भावसर फाउंडेशन ने बताया कि RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण और सकारात्मक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ