Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

रायगढ़ में 30 प्रतिभागियों ने पूरा किया 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण 106

NBP NEWS/रायगढ़,02 जुलाई 
भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा 9 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक उदयपुर तकनीक संस्थान, बीटीआई के पास, पैलेस रोड, रायगढ़ में जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उद्यमिता, स्वरोजगार एवं MSME से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें सफल व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME इकाइयों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच और व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक राहुल टिक्कू ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही सफल व्यवसाय के प्रमुख सिद्धांत, नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान, ग्राहकों की मांग को समझना, प्रभावी बिजनेस प्लान तैयार करना तथा वित्तीय संस्थानों से जुड़ने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

12 दिनों तक चले प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लिया। प्रशिक्षण को संवादात्मक एवं व्यावहारिक शैली में संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन, बाजार विश्लेषण, वित्तीय योजना तथा उद्यम संचालन के विभिन्न पहलुओं की व्यवहारिक समझ विकसित हुई।

प्रशिक्षण के समापन से पूर्व प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए दस्तावेजीकरण, व्यवसाय योजना, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे। प्रशिक्षक राहुल टिक्कू ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए प्रतिभागियों को सफल उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक सुझाव दिए।

समापन अवसर पर राहुल टिक्कू ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने की शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया।

भावसर फाउंडेशन ने बताया कि RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने, नए उद्यम स्थापित करने तथा MSME क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण एवं सकारात्मक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ