Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

आयुष्मान आरोग्य मंदिर सांगली में ताला बंद मिलने पर बड़ी कार्रवाई, अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा

NBP NEWS/ अंबागढ़ चौकी, 25 जून 2026 ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य केंद्रों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार शाम आयुष्मान आरोग्य मंदिर सांगली में हुए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) तथा जिला एवं ब्लॉक स्तरीय संयुक्त टीम ने शाम लगभग 7:46 बजे आयुष्मान आरोग्य मंदिर सांगली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य नेहरू राम रजक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के समय स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा हुआ मिला। इस पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि केंद्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) और एएनएम (ANM) कई महीनों से अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं। वहीं, आरएचओ (RHO) भी मुख्यालय में रहने के बजाय अंबागढ़ चौकी से आना-जाना करते हैं, जिससे ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।

ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की। उनका कहना था कि कर्मचारियों के मुख्यालय में नहीं रहने के कारण मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों के वेतन आहरण पर आगामी आदेश तक रोक लगाने का निर्णय लिया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि जब तक संबंधित कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास करना शुरू नहीं करेंगे और नियमित रूप से अपनी सेवाएं नहीं देंगे, तब तक उनका वेतन जारी नहीं किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को ग्रामीणों ने स्वागत योग्य कदम बताया है। ग्रामीणों का मानना है कि इससे स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी इसी तरह के आकस्मिक निरीक्षण आगे जारी रहेंगे और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ