Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सचिवों की बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

NBP NEWS/मानपुर, प्रवेश कुमार/20 जून 2026।
जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चंद्राकर ने जनपद पंचायत मानपुर में ग्राम पंचायत सचिवों, सरपंचों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न निर्माण कार्यों तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। शनिवार को बैठक में लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में विभिन्न योजनाओं और मदों से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति का परीक्षण किया गया। समीक्षा में सामने आया कि कई निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, लेकिन कुछ कार्यों की गति धीमी है तथा कई कार्य अब भी अधूरे हैं। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों और सचिवों को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निर्माण कार्यों की समयबद्ध पूर्णता आवश्यक है। सभी सचिवों, तकनीकी अमले और कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की भी समीक्षा की गई। कुछ ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण की गति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु से पहले जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। तालाब गहरीकरण, डबरी निर्माण, सोकपिट, कंटूर ट्रेंच, नाला उपचार एवं अन्य प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि आगामी बारिश का अधिकतम लाभ ग्रामीण क्षेत्रों को मिल सके।

बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के प्रभावी पालन पर भी विशेष चर्चा हुई। सभी ग्राम पंचायतों को स्वच्छता प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।

इसके अलावा मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), आजीविका संवर्धन, पंचायत स्तरीय आधारभूत अधोसंरचना विकास एवं अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर ने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जनपद पंचायत मानपुर के अधिकारी, तकनीकी अमला, ग्राम पंचायत सचिव एवं सरपंच उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ