Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शिवनाथ नदी में तैरते दिखा मगरमच्छ, तटीय गांवों में मची हलचल; मुनादी कर लोगों को किया जा रहा सतर्क


NBP NEWS /अंबागढ़ चौकी, 18 जून 2026
भीषण गर्मी के बीच गुरुवार सुबह अंबागढ़ चौकी और बिहरीखुर्द क्षेत्र के लोगों में उस समय हड़कंप मच गया, जब शिवनाथ नदी में एक विशालकाय मगरमच्छ तैरता हुआ दिखाई दिया। मगरमच्छ के देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया और तटीय क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को नदी से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गौलीटोला के कुछ युवक सुबह नहाने के लिए बिहरीखुर्द स्थित शिवनाथ नदी तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने नदी की धारा में एक बड़े मगरमच्छ को तैरते हुए देखा। युवकों ने अपने मोबाइल फोन से मगरमच्छ का वीडियो और फोटो बनाया तथा इसकी जानकारी प्रशासन और वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) दिनेश पटेल के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। साथ ही मोगरा बैराज, अंबागढ़ चौकी, गौलीटोला, पीपरखार, बिहरीखुर्द, डोमघाट सहित आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

एनीकट और मोगरा बैराज में बढ़ी चिंता

विशालकाय मगरमच्छ के एनीकट के आसपास देखे जाने से अंबागढ़ चौकी नगरवासियों की चिंता बढ़ गई है। गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में लोग एनीकट और शिवनाथ नदी में नहाने पहुंचते हैं। वहीं प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा मोगरा बैराज क्षेत्र भी लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट माना जाता है, जहां प्रतिदिन लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से नदी और जलाशयों में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने की अपील की है।

पहले भी मिल चुके हैं मगरमच्छ

स्थानीय जानकारों के अनुसार वर्ष 2018 में अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम झिटिया में एक किसान के खेत से करीब सात फीट लंबे मगरमच्छ का वन विभाग ने सफल रेस्क्यू किया था। वहीं मोगरा बैराज क्षेत्र में भी पहले मगरमच्छों की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि बैराज में मगरमच्छों की संख्या बढ़ी हो सकती है।

बैराज से छोड़े गए पानी के साथ पहुंचने की आशंका

स्थानीय लोगों का मानना है कि हाल ही में मोगरा बैराज से इस सत्र का अंतिम पानी छोड़ा गया था। आशंका जताई जा रही है कि पानी के तेज बहाव के साथ मगरमच्छ बहकर शिवनाथ नदी के रास्ते अंबागढ़ चौकी एनीकट के समीप पहुंच गया होगा।

वन विभाग कर रहा लगातार निगरानी

वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल ने बताया कि गुरुवार सुबह मगरमच्छ को एनीकट के पास देखा गया है। यह क्षेत्र संभवतः उसका प्राकृतिक आवागमन मार्ग हो सकता है और संभावना है कि वह जल्द ही अपने मूल निवास क्षेत्र की ओर लौट जाए। फिलहाल मगरमच्छ के रेस्क्यू की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि जनहानि या किसी प्रकार के नुकसान की आशंका उत्पन्न होती है तो वन विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा।

उन्होंने बताया कि शिवनाथ नदी का उपयोग बड़ी संख्या में ग्रामीण निस्तारी एवं दैनिक कार्यों के लिए करते हैं। इसलिए अंबागढ़ चौकी, कान्हे घाट, बिहरीखुर्द तथा आसपास के गांवों के लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और नदी में प्रवेश न करने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है।

लोगों से अपील

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि मगरमच्छ को देखने के लिए नदी किनारे भीड़ न लगाएं, नदी में न उतरें और बच्चों को जलाशयों से दूर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मगरमच्छ की मौजूदगी की जानकारी तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ