Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में महिला शिक्षिका से अभद्रता का आरोप, शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत


NBP NEWS/ मोहला, 16 जून 2026
नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत से पहले शिक्षा विभाग द्वारा जिले में जोन स्तरीय समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मोहला मुख्यालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान एक महिला शिक्षिका ने एक शिक्षक पर अश्लील हरकत एवं अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित शिक्षिका ने मोहला थाना तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को कन्या हाई स्कूल मोहला में शिक्षा विभाग की जोन स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। शिकायत में महिला शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि बैठक समाप्त होने के बाद स्वल्पाहार (नाश्ते) के दौरान माध्यमिक शाला भालापुर के शिक्षक प्रदीप तारम ने कथित रूप से शराब के नशे में अश्लील हरकतें कीं और अभद्र व्यवहार किया।

शिकायत के अनुसार, संबंधित शिक्षक द्वारा महिला शिक्षिका सहित अन्य शिक्षिकाओं के साथ जबरदस्ती हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचने तथा अशोभनीय एवं अश्लील टिप्पणियां करने का प्रयास किया गया, जिससे वहां मौजूद शिक्षिकाएं असहज और आहत महसूस करने लगीं।

लोकलाज के कारण कुछ दिनों तक रही शांत

बताया जा रहा है कि घटना के समय बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे। पीड़ित शिक्षिका ने सामाजिक और व्यक्तिगत कारणों से कुछ दिनों तक इस मामले में सार्वजनिक रूप से शिकायत नहीं की। हालांकि बाद में हिम्मत जुटाकर उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मोहला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बीईओ कार्यालय में भी सौंपा आवेदन

महिला शिक्षिका ने घटना की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में भी की है। चूंकि यह घटना शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित आधिकारिक समीक्षा बैठक के दौरान हुई बताई जा रही है, इसलिए विभागीय स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई : बीईओ

मामले को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र देवांगन ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर रही शिकायत की जांच

उधर, मोहला थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के लिए संबंधित पक्षों के बयान लिए जा सकते हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले ने शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है और शिक्षक समुदाय में भी इसे लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ