Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई, रेत तस्कर ललित साहू पर गिरी गाज

NBP NEWS/मोहला, 17 जून 2026
जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मानपुर थाना पुलिस ने रविवार देर रात अवैध रेत से लदी एक हाईवा ट्रक को पकड़कर जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक में भरी रेत मानपुर क्षेत्र के ग्राम कोहका स्थित नदी से निकाली गई थी और उसे जिले से बाहर ले जाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार 14 और 15 जून की दरमियानी रात अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर मानपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने नेशनल हाईवे-930 पर मानपुर बस स्टैंड के समीप घेराबंदी कर रेत से भरी हाईवा ट्रक क्रमांक CG 08 VC 6894 को रोककर अपने कब्जे में ले लिया और वाहन को थाने लाया गया।

कोहका नदी से भरकर लाई जा रही थी रेत

मानपुर थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा ने बताया कि वाहन चालक से पूछताछ के दौरान प्रारंभिक रूप से यह जानकारी सामने आई कि ट्रक में भरी रेत कोहका नदी से लोड की गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वाहन डोंगरगांव निवासी लालित साहू का बताया जा रहा है। मामले की सूचना तत्काल खनिज विभाग को दी गई, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच शुरू की।

माइनिंग एक्ट के तहत की गई कार्रवाई

मंगलवार को खनिज विभाग के अधिकारी मानपुर थाना पहुंचे और वाहन की जांच के बाद अवैध रेत परिवहन का मामला दर्ज करते हुए माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की। विभाग द्वारा वाहन पर 30,500 रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। अधिकारियों के अनुसार आगे की विभागीय कार्रवाई नियमानुसार जारी रहेगी।

अवैध गिट्टी परिवहन पर भी गिरी गाज

इसी दौरान खनिज विभाग ने एक अन्य कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रही एक हाईवा वाहन को भी रोककर अपने कब्जे में लिया। जांच के बाद संबंधित वाहन पर 20,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। बताया गया कि गिट्टी से भरी उक्त ट्रक राजनांदगांव निवासी हेमंत चोपड़ा की है।

खनिज अधिकारी दीपक आनंद ने उकताशय की पुष्टि कर बताया कि रेत से भरी हाइवा ललित साहू की है और गिट्टी से भरी हाइवा हेमंत चोपड़ा की है। दोनों गाड़ियों पर दंडात्मक कार्यवाही कर जुर्माना लगाया गया है। आगे अवैध परिवहन और भंडारण पर कार्यवाही की जाएगी।

अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सख्ती

पुलिस और खनिज विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध रेत, गिट्टी एवं अन्य खनिजों के परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ