मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रशाह मंडावी शनिवार को औंधी क्षेत्र के सघन दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ग्रामों में लाखों रुपये की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को कई सौगातें दीं। साथ ही किसानों की समस्याओं और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
विधायक मंडावी ने विधायक निधि मद के अंतर्गत ग्राम साल्हेभट्टी में 7.50 लाख रुपये, चिचवाही में अहाता निर्माण हेतु 3 लाख रुपये, राजकट्टा में 7.50 लाख रुपये तथा नवागांव में 7.50 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं मंडी बोर्ड मद से ग्राम घोटियाकान्हार में 26.51 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
खाद और उन्नत बीजों की कमी से परेशान किसान
दौरे के दौरान विधायक ने औंधी एवं अरजगुबला स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने किसानों से खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर चर्चा की। किसानों ने बताया कि वर्तमान में खाद एवं उन्नत बीजों की भारी कमी है, जिससे बोआई कार्य प्रभावित हो रहा है और खेती-किसानी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक मंडावी ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से उठाकर जल्द समाधान कराया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध हो सके।
घोटियाकान्हार में पेयजल संकट पर अधिकारियों को लगाई फटकार
ग्राम घोटियाकान्हार पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक को क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की शिकायत सुनकर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की और मौके से ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर समस्या के त्वरित एवं स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
युवाओं का कांग्रेस की ओर बढ़ा रुझान
औंधी क्षेत्र के कई युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक इंद्रशाह मंडावी ने नवप्रवेशी युवाओं का कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं का कांग्रेस के प्रति बढ़ता विश्वास क्षेत्र और प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक संकेत है। साथ ही उन्होंने युवाओं से समाज और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर घसिया राम नाग, सुखम बाई खरे, जनपद सदस्य पुष्पा बाई आत्राम, बिदेसिंह नुरेटी, हरिशंकर मिश्रा, ऋषभ ठाकुर, संतराम फरदिया, लालशाय नेताम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ