Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

ठेकेदार को लाभ पहुंचाने एनीकट का पानी कराया खाली? जल संकट के बीच नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

NBP NEWS/अंबागढ़ चौकी, प्रवेश कुमार - 19 जून 2026 
नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि शिवनाथ नदी पर बने एनीकट का पानी एक ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग पूरी तरह खाली करा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और नगर पंचायत की भूमिका पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।


जानकारी के अनुसार शिवनाथ नदी में निर्मित इंटकवेल से संबंधित निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार द्वारा नदी में पानी कम करने की आवश्यकता बताई गई थी। आरोप है कि पानी का स्तर सीमित मात्रा में कम करने के बजाय एनीकट का अधिकांश पानी ही निकाल दिया गया, जिससे नदी का जलस्तर काफी नीचे पहुंच गया।

फिल्टर वॉल से नीचे पहुंचा पानी
पानी खाली होने से फिल्टर वॉल के नीचे जल स्तर पहुंच गया है, लिहाजा नगर वासियों को फिल्टर कर पानी उपलब्ध करवाना मुश्किल लग रहा है। अब देखना होगा कि शनिवार को नगरवासीयों को पानी कैसे मुहैया कराया जाएगा।


जल संकट के बीच पानी की बर्बादी पर सवाल

क्षेत्र में हर वर्ष गर्मी के दौरान जल संकट की स्थिति बनती है। ऐसे समय में बड़ी मात्रा में पानी को गेट खोलकर बहा देना स्थानीय लोगों को समझ नहीं आ रहा है। नागरिकों का कहना है कि जहां एक ओर शासन-प्रशासन जल संरक्षण और जल बचाने के लिए अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर अं चौकी वासियों की पानी को नगर पंचायत की निगरानी में हजारों लीटर पानी राजनांदगांव की ओर छोड़ दिया गया।

गेट बंद करने के दौरान टूटा एनीकट का गेट

सूत्रों के अनुसार पानी निकालने और बाद में गेट बंद करने की प्रक्रिया के दौरान एनीकट का एक गेट क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि गेट टूटने के कारण भी पानी का अनियंत्रित बहाव हुआ है। 

बिना लिखित आदेश के कार्रवाई का आरोप

मामले का सबसे गंभीर पहलू यह बताया जा रहा है कि एनीकट का पानी खाली करने के लिए किसी सक्षम अधिकारी का लिखित आदेश उपलब्ध नहीं था। यदि बिना लिखित अनुमति के इस प्रकार की कार्रवाई की गई है तो यह प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन का मामला माना जा सकता है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।

ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के आरोप

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुविधा देने के लिए नगर पंचायत ने ठेकेदार के हित को प्राथमिकता दी अधिक पानी छोड़ने से नगरवासियों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि यदि केवल कार्यस्थल पर पानी कम करना आवश्यक था तो वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती थी, लेकिन पूरे एनीकट का पानी खाली करना उचित नहीं था।

सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता भूपेंद्र बावनठडे ने पुष्टि कर बताया कि कार्य करने वाले लोगों से हमारी बातचीत गेट खोलने को लेकर हुई थी, लिखित आज्ञा नहीं ली गई थी। गेट टूटने की वजह से पानी खाली हुआ है जिसकी भरपाई अन्य जगह से की जाएगी। टीम भेजकर गेट बनवाया जा रहा है।

रायपुर कंट्रक्शन के इंजीनियर ने कहा कि इंटीक्वेल नगरीय प्रशासन के अंतर्गत जल आवर्धन योजना के तहत बन रहा है। राजनांदगांव के लिए पानी छोड़ा गया था। जिसकी वजह से पानी निर्माणाधीन इंटीक्वेल में पानी घुस गया था। चुकी कंस्ट्रक्शन काम करने में दिक्कते आ रही थी सीएमओ को कॉन्ट्रैक्टर ने लिखित मांग की थी पानी का लेवल कम करने के लिए। जिसके बाद सिंचाई विभाग ने पानी को एनीकट का गेट खोलकर बहा दिया। इंजीनियर से सीएमओ को किए पत्राचार की कॉपी उपलब्ध कराने कहा गया था किंतु खबर लिखे जाने तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया है।

जांच की मांग तेज

मामले के सामने आने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि पानी खाली करने का निर्णय किसके निर्देश पर लिया गया, क्या इसके लिए लिखित अनुमति थी और इससे हुए नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को किस गंभीरता से लेता है और जल संकट के बीच पानी की कथित बर्बादी को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कब तक सामने आता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ