NBP NEWS/मोहला, 18 जून 2026 छत्तीसगढ़ में बढ़ी बिजली दरों और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में जिला मुख्यालय मोहला में कांग्रेस ने विष्णु देव साय सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी ने फव्वारा चौक में जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया तथा बाद में प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा लगातार बिजली दरों में वृद्धि किए जाने से आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस का कहना है कि हालिया बिजली दर वृद्धि के बाद घरेलू एवं गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता परेशान है।
प्रेस वार्ता में विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली दरों में कई बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि कई क्षेत्रों से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली खपत अधिक दर्ज होने और बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें मिल रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद होने के बाद आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार पड़ा है। साथ ही किसानों के कृषि पंपों के लिए बिजली दरों में वृद्धि को भी किसान विरोधी निर्णय बताया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल दो से तीन गुना तक बढ़े हैं। पार्टी ने सरकार से बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर को उत्तर प्रदेश सरकार के तर्ज पर वापस लेने, उपभोक्ताओं को राहत देने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की जांच कराने की मांग की। बीते ढाई साल में पांच बार बिजली बिल में इजाफा हुआ है।
साथ ही गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि, पेट्रोल डीजल के कीमत में इजाफा और पंप में अनुपलब्धता व ना - ना प्रकार के दिक्कतों का सामना ग्राहकों को करना पड़ रहा है।
प्रेस कांफ्रेंस के पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फव्वारा चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में वृद्धि वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।
कार्यक्रम में विधायक संगीता सिन्हा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, पूर्व विधायक तेजकुंवर नेताम, रसीदा खान, संजय जैन, गमिता लोनहारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी थे।
0 टिप्पणियाँ