Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

दुर्गम पहाड़ी गांव कातुलझोरा पहुंचे विधायक इंद्रशाह मंडावी, लगाई पेड़ की छांव में चौपाल

NBP NEWS/ मोहला, 20 जून 2026
महाराष्ट्र सीमा से लगे जिले के अंतिम और दुर्गम गांव कातुलझोरा में विधायक इंद्रशाह मंडावी ने पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। पहाड़ों और घने जंगलों से घिरे इस गांव में अमरैया की छांव के नीचे चौपाल लगाकर विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया।

कातुलझोरा ग्राम पंचायत रामगढ़ के अंतर्गत परवीडीह से लगभग तीन किलोमीटर पश्चिम दिशा में स्थित है। यहां एक ही परिवार के 13 सदस्य तीन पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं। गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर महाराष्ट्र की सीमा शुरू हो जाती है। सीमा के उस पार बोटेझर, नारकसा और बिमनकोजी जैसे गांव स्थित हैं, जो सीधे सावरगांव-मुरुमगांव (महाराष्ट्र) क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

बिजली की मांग पर तत्काल कार्रवाई

ग्राम पटेल सुमेंद्र धुर्वे ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने मोहला में विधायक इंद्रशाह मंडावी से मुलाकात कर गांव में बिजली कनेक्शन और सड़क निर्माण की मांग रखी थी। इस पर विधायक ने तत्काल विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को निर्देश देकर तीन दिनों के भीतर गांव में बिजली मीटर लगाने को कहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि निर्धारित समय के भीतर घर-घर मीटर लगा दिए गए हैं। उन्होंने विधायक को धन्यवाद देते हुए जल्द विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग भी की।

राशन और जरूरी सामान के लिए तय करना पड़ता है कठिन रास्ता

ग्रामीण रामदास धुर्वे ने बताया कि उनकी तीन पीढ़ियां इस पहाड़ी क्षेत्र में निवास कर रही हैं। शासन की योजनाओं का लाभ लेने, राशन प्राप्त करने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें पहाड़ी रास्तों से उतरकर परवीडीह जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में यह सफर और भी कठिन हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि दैनिक उपयोग की सामग्री और साप्ताहिक बाजार के लिए भी उन्हें परवीडीह पर निर्भर रहना पड़ता है। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के देवस्थल के संरक्षण के लिए एक सामुदायिक भवन की मांग रखी, जिसे विधायक मंडावी ने स्वीकृति प्रदान करते हुए जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में नोहरु कुमेटी, रामगढ़ सरपंच सत्तो तुलावी, जोन अध्यक्ष रसीद हुसैन, उपसरपंच अशोक मांझी, परवीडीह पटेल अंतरसिंह हिडामे, कातुलझोरा पटेल सुमेंद्र सिंह धुर्वे, रामगढ़ पटेल श्याम सिंह तुलावी, पारडी गायता मोहन बोगा, मरकाटोला सरपंच आवेन्द्र शाह, वार्ड पंच लीला हिडामे, देवलाल मांझी, पूर्व वार्ड पंच रामसाय बोगा, जयसिंह हिडामे, धर्मेंद्र तुलावी, रामनाथ धुर्वे, धिरपाल बोगा, तिलक आतराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने पहली बार किसी विधायक के गांव पहुंचने पर खुशी जताई और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद व्यक्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ