Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

महादेवदाड़ क्लस्टर भवन में MSME सशक्तिकरण हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण, 30 प्रतिभागियों ने लिया भाग

NBP NEWS/महादेवदाड़, 19 फरवरी 2026
भावसर फाउंडेशन द्वारा दिनांक 18 जनवरी 2026 को क्लस्टर भवन, महादेवदाड़ में जिला स्तरीय एक दिवसीय उद्यमिता विकास एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता में वृद्धि करना, बाजार तक उनकी पहुंच सुदृढ़ करना तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना है। साथ ही MSME क्षेत्र के प्रदर्शन को गति प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और टिकाऊ व्यवसाय की दिशा में अग्रसर करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक के रूप में रेखा चौहान ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, MSME के लिए उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण सत्र पूर्ण सहभागिता के साथ संचालित किया गया, जिसमें कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के प्रति गहरी रुचि दिखाई और विषयवस्तु को समझने के लिए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण उपरांत प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं हेतु आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे। प्रशिक्षक द्वारा सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रेखा चौहान ने प्रतिभागियों को भविष्य में अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक स्थापित करने एवं आगे बढ़ाने हेतु शुभकामनाएं दीं। इस प्रकार यह एक दिवसीय संवेदीकरण कार्यक्रम उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में सार्थक एवं प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ