Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

वनांचल के बेटे जसवंत पोया ने रचा इतिहास | JEE Advanced पास कर IIT धनबाद में पाया प्रवेश

वनांचल के बेटे जसवंत पोया ने रचा इतिहास, JEE Advanced पास कर IIT धनबाद में पाया प्रवेश

कम संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत से हासिल की सफलता, विधायक इंद्रशाह मंडावी ने किया सम्मानित

मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोसमी अंतर्गत गजीटोला (पूसेवाड़ा) के होनहार छात्र जसवंत पोया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक JEE Advanced उत्तीर्ण कर आईआईटी (ISM) धनबाद के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

जसवंत पोया एक साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आते हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा पहली से आठवीं तक शासकीय विद्यालय कोसमी में प्राप्त की। इसके बाद उनका चयन प्रयास आवासीय विद्यालय, रायपुर में हुआ, जहां उन्होंने कक्षा नौवीं से बारहवीं तक अध्ययन करते हुए इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और आखिरकार आईआईटी धनबाद में प्रवेश हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

अपनी सफलता पर जसवंत ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा प्रयास आवासीय विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके इस सफर को सफल बनाया।

जसवंत की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक इंद्रशाह मंडावी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में पढ़ाई या अन्य आवश्यकताओं के लिए हरसंभव आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. रीना कोमरे, जसवंत के पिता जीवन पोया तथा स्वयं जसवंत पोया ने विधायक से सौजन्य मुलाकात की। विधायक ने उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि जसवंत का संघर्ष और उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास देगी।

वनांचल के एक छोटे से गांव से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी (ISM) धनबाद तक पहुंचने वाले जसवंत पोया की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उनकी उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं में शिक्षा के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ