प्रवेश कुमार: सामाजिक सुरक्षा और कर्मचारी कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार कर्मचारी विशेष वेतन खाता पैकेज के अंतर्गत दिवंगत शासकीय कर्मचारी के परिवार को 10 लाख रुपये की जीवन बीमा दावा राशि प्रदान की। यह सहायता संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक संबल देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमटोला में व्याख्याता के पद पर कार्यरत रहे दिवंगत कलेश मंडावी के निधन के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के विशेष सैलरी अकाउंट पैकेज के प्रावधानों के तहत उनकी नामांकित पत्नी राखी मंडावी को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा क्लेम स्वीकृत किया गया।
बीमा दावा राशि का चेक जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में श्रीमती राखी मंडावी को ससम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के अंचल प्रमुख दिवाकर प्रसाद सिंह, क्षेत्रीय प्रमुख संदीप कुमार मात, लीड बैंक मैनेजर दलजीत गुप्ता, आरसेटी के संचालक सचिन, बैंक ऑफ बड़ौदा आमटोला के शाखा प्रबंधक शशिकांत, बैंक ऑफ बड़ौदा मोहला के शाखा प्रबंधक श्याम सुंदर तथा एफएलसीसी के प्रतिनिधि रोहित कुमार पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने बैंक ऑफ बड़ौदा की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासकीय कर्मचारियों के लिए इस प्रकार की सुरक्षा योजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि कठिन समय में यही योजनाएं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा के अंचल प्रमुख दिवाकर प्रसाद सिंह एवं क्षेत्रीय प्रमुख संदीप कुमार मात ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार कर्मचारी विशेष वेतन खाता पैकेज के माध्यम से शासकीय कर्मचारियों को जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा सहित अनेक बैंकिंग सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने सभी शासकीय कर्मचारियों से इस विशेष वेतन खाते का लाभ उठाने तथा अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। साथ उन्होंने बताया कि बैंक ग्राहक की स्वतः जानकारी लेकर घर तक पहुंच कर सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है।
राखी मंडावी ने बताया कि उनके पति शिक्षा विभाग में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे। हृदयाघात से उनके निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। बैंक ऑफ बड़ौदा में सैलरी अकाउंट होने के कारण उन्होंने बीमा क्लेम के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद आज बैंक ने 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया है। उन्होंने बैंक और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाओं के साथ सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। दिवंगत कर्मचारी के परिवार को समय पर 10 लाख रुपये की जीवन बीमा दावा राशि उपलब्ध कराना बैंक की इसी जनहितैषी सोच और सेवा भावना का परिचायक है।
0 टिप्पणियाँ