मोहला-मानपुर-चौकी जिले में स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट Swachh Bharat Mission के तहत पंचायतों को कचरा प्रबंधन के लिए दी गई सुविधाएं नवागांव ग्राम पंचायत में बदहाल स्थिति में पड़ी हैं। यहां कचरा ढोने के लिए एक वर्ष पूर्व प्रदत्त ट्राईसायकल पिछले आठ माह से डबरी में पड़ी सड़ रही है, जबकि गांव में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मानपुर विकासखंड की औंधी तहसील अंतर्गत नवागांव ग्राम पंचायत को स्वच्छता कार्यों के लिए फंड और कचरा उठाने हेतु ट्राईसायकल उपलब्ध कराई गई थी। शासन की मंशा थी कि पंचायत स्तर पर नियमित कचरा संग्रहण कर गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए। इसके लिए स्व-सहायता समूहों को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश भी दिए गए थे।
लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके उलट दिखाई दे रहे हैं। ट्राईसायकल, जो गांव से कचरा उठाने के लिए उपयोग में लाई जानी थी, वह खुद कचरे के पास डबरी में पड़ी जंग खा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से गांव में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा हो रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
फंड के उपयोग पर उठे सवाल
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि जब स्वच्छता के लिए राशि स्वीकृत की गई और संसाधन उपलब्ध कराए गए, तो फिर नियमित कचरा उठाव क्यों नहीं हो रहा? क्या स्व-सहायता समूहों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी या नहीं? यदि दी गई थी, तो निगरानी क्यों नहीं हुई? इन सवालों के जवाब अब तक स्पष्ट नहीं हैं।
शासकीय राशि से खरीदी गई ट्राईसायकल का इस तरह अनुपयोगी होकर सड़ना न केवल लापरवाही दर्शाता है, बल्कि शासन की मंशा और योजनाओं पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
प्रशासन ने मांगा जवाब
मामले में जनपद पंचायत मानपुर के सीईओ हनीश खान ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा,
“स्वच्छता मिशन हमारे लिए प्राथमिक और महत्वपूर्ण कार्यों में है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जैसे ही मुझे जानकारी मिली, मैंने तत्काल संबंधित सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और नवागांव में स्वच्छता व्यवस्था कब पटरी पर लौटती है। फिलहाल, गांव में पसरी गंदगी और डबरी में सड़ती ट्राईसायकल स्वच्छता मिशन की जमीनी हकीकत बयां कर रही है।
0 टिप्पणियाँ