नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर, मोहला में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजीराव (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक ने लंबित अपराधों एवं शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने, जनोन्मुखी एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा विभिन्न जिलों के नवाचारों को पूरे रेंज में लागू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण, CCTNS प्रशिक्षण, शहरी पुलिसिंग को मजबूत करने तथा नक्सल पीड़ित परिवारों की समस्याओं के संवेदनशील समाधान के निर्देश भी दिए।
बैठक का मुख्य आकर्षण मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा विकसित 'ई-बीट सिस्टम' रहा, जिसका विधिवत शुभारंभ भी पुलिस महानिरीक्षक ने किया। विकसित इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का तकनीकी विकास एवं सॉफ्टवेयर डिज़ाइन उप पुलिस अधीक्षक ताजेश्वर दीवान ने किया है। यह प्रणाली बीट अधिकारियों की गश्त, भ्रमण, सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों, आदतन अपराधियों, जनसंपर्क गतिविधियों एवं अन्य पुलिस कार्यों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करेगी, जिससे वरिष्ठ अधिकारी वास्तविक समय (Real Time) में निगरानी कर सकेंगे।
ई-बीट सिस्टम के माध्यम से बीट अधिकारियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल अपराधी डेटाबेस, ऑनलाइन शिकायत प्रबंधन, डेटा आधारित अपराध विश्लेषण, पेपरलेस कार्यप्रणाली तथा अधिकारियों के लिए अलग-अलग डिजिटल डैशबोर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सीमित नेटवर्क वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए इसे उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है। इसकी विशेषताओं से प्रभावित होकर पुलिस महानिरीक्षक ने इसे राजनांदगांव रेंज के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अन्य जिलों द्वारा किए जा रहे नवाचारों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। राजनांदगांव जिले के "पहल" अभियान, निःशुल्क कोचिंग, रीडिंग रूम, पुलिस मित्र नेटवर्क और किशोर पंजी जैसी पहलों, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के डिस्ट्रिक्ट प्रॉसिक्यूशन मॉनिटरिंग सेल एवं साइबर सेल तथा कबीरधाम जिले की पुलिस बैंक, पुलिस कैंटीन और पुलिस कल्याण योजनाओं की भी सराहना की गई।
इस दौरान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा तैयार 'डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक' का विमोचन भी पुलिस महानिरीक्षक ने किया तथा रेंज के सभी जिलों में ऐसी प्रोफाइल बुक तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिराग जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) देवचरण पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह पटेल सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव ने सभी जिलों के नवाचारों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह एवं उनकी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इसके पश्चात रक्षित केंद्र, मोहला में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस महानिरीक्षक ने प्रत्येक लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए इसे जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान बताया।
0 टिप्पणियाँ