Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला के दृष्टि कोचिंग असेंबली का कमाल | PRAYAS, SHRESHTA और एकलव्य में शानदार सफलता

NBP NEWS/ मोहला, 26 जुलाई 2026
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से संचालित दृष्टि कोचिंग असेंबली के लिए इस वर्ष गौरव का अवसर लेकर आया है। संस्थान के विद्यार्थियों ने PRAYAS, SHRESHTA एवं एकलव्य जैसी प्रतिष्ठित चयन परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सबसे बड़ी उपलब्धि PRAYAS चयन परीक्षा में देखने को मिली, जहां संस्थान के 7 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें साक्षी देवांगन ने 82 अंक अर्जित कर संस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा भूपेश देवांगन, शौर्य देवांगन, सूर्यांश कचलामे, प्रथिल ध्रुवे, छवि यादव एवं आयरिन लाल ने भी परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

वहीं, संस्थान के मेधावी छात्र सूर्यांश कचलामे का SHRESHTA परीक्षा के माध्यम से जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर में चयन हुआ। इस परीक्षा में देशभर के लगभग 38 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिसमें सूर्यांश ने ऑल इंडिया रैंक 497 प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और जिले का गौरव बढ़ाया। सूर्यांश ग्राम वागिनसूर के निवासी हैं तथा उनके पिता नारद कचलामे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन ने उन्हें यह सफलता दिलाई।

इसके अलावा एकलव्य विद्यालय चयन परीक्षा में भी दृष्टि कोचिंग असेंबली के 4 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इनमें चंद्रकांत, कु. डिम्पल, कु. शिवानी एवं अजय शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।

संस्थान के संचालक सागर सिंह राजपूत ने सभी चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में भी संस्थान के कई विद्यार्थियों का चयन PRAYAS, SHRESHTA, एकलव्य, सैनिक स्कूल, नवोदय सहित अन्य प्रतिष्ठित परीक्षाओं में हो चुका है।

सागर सिंह राजपूत ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने मोहला के बीईओ राजेंद्र देवांगन के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

इस उपलब्धि के बाद संचालक सागर सिंह राजपूत चयनित विद्यार्थियों के घर पहुंचे और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विशेष रूप से धोबेदण्ड पहुंचकर विद्यार्थियों को सम्मानित किया और भविष्य में और अधिक मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि "सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए पूरी ईमानदारी और लगन से मेहनत की जाती है।"

दृष्टि कोचिंग असेंबली की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उचित मार्गदर्शन और मेहनत के दम पर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। संस्थान ने अपनी टैगलाइन "सफलता की नई पहचान" को विद्यार्थियों की उपलब्धियों के माध्यम से सार्थक कर दिखाया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ