जिले में कलेक्टर तूलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नवाचार कार्यक्रम “सर्विस ऑन व्हील्स” (दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ) के तहत 21 फरवरी 2026 को मोहला विकासखंड के तीन क्लस्टर—कनेरी, मोहभट्टा एवं भोजटोला—की ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान सेवा रथ के माध्यम से ग्राम-ग्राम और घर-घर पहुंचकर दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने पात्र हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन, पंजीयन एवं कार्ड वितरण जैसे कार्य प्राथमिकता से किए। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार—
डीएलसी भौतिक सत्यापन – 125
आधार सीडिंग – 52
सहायक उपकरणों का वितरण – 156
कौशल प्रशिक्षण हेतु आवेदन प्राप्त – 11
वय वंदन कार्ड पंजीयन – 26
आयुष्मान कार्ड पंजीयन – 156
आयुष्मान कार्ड वितरण – 134
श्रम पंजीयन – 16
अभियान के तहत दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए, वहीं वृद्धजनों को वय वंदन कार्ड एवं आयुष्मान योजना से जोड़ा गया। ग्रामीणों ने घर के समीप ही सेवाएं मिलने पर संतोष जताया।
सर्विस ऑन व्हील्स अभियान के नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 से 28 फरवरी 2026 तक अंबागढ़ चौकी विकासखंड में 6 क्लस्टर स्तरीय शिविरों के माध्यम से विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ अंचलों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
समाज कल्याण विभाग की यह पहल विशेष रूप से दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के लिए राहतकारी साबित हो रही है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने हेतु कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ