Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र नेशनल हाईवे 930 पर बड़ा सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 11 घायल, एक महिला की मौत

NBP NEWS/मानपुर, 22 फरवरी 2026
जिला मोहला-मानपुर के मानपुर ब्लॉक से होकर गुजरने वाले छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र नेशनल हाईवे 930 पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान एक 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

यह घटना मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर थाना मानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इरागांव के पास हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सेखुर्द से करीब दो दर्जन ग्रामीण—जिनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल थे—ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर ग्राम नेडगांव में आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 930 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में ट्रॉली में सवार 11 लोग घायल हो गए। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सड़क से हटाकर किनारे खेत में लिटाया गया। सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मानपुर पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान दूरपत बाई उसारे (26 वर्ष), पति कमलेश उसारे की मौत हो गई। वहीं नोहरी बाई, बिसंतीन बाई, बृज बाई तथा युवक सुकाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। चारों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
इधर, मानपुर पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित मार्गों पर नाकेबंदी कर जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ