जिले में ऑनलाइन निवेश के नाम पर की गई 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संगठित गिरोह के तार नेपाल से जुड़े होने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड, 7 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में थाना अंबागढ़ चौकी में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 धारा 318(4), 317(4) बीएनएस के तहत दो विशेष टीमों का गठन कर उत्तराखंड और गुजरात में अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
प्रार्थी कुनाल अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 14, गंज लाइन अंबागढ़ चौकी ने 2 जनवरी 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर 2025 से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल नंबर 9866782961 और 7382164299 के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों से कुल 1,49,50,000 रुपये की धोखाधड़ी की।
तकनीकी विश्लेषण और आई4सी समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को संबंधित खातों में एक से अधिक शिकायतें मिलीं, जिसके बाद प्रकरण में धारा 317(4) बीएनएस भी जोड़ी गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रकम पांच अलग-अलग खातों में जमा कराकर उसे अन्य खातों में ट्रांसफर किया और चेक व एटीएम के जरिए नकदी निकाली।
उत्तराखंड और गुजरात में दबिश
जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन रुद्रपुर (जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड), अहमदाबाद, राजकोट और सूरत (गुजरात) में मिली। पुलिस टीमों ने इन राज्यों में दबिश देकर छह संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों का संपर्क काठमांडू (नेपाल) के लोगों से था और उनके साथ मिलकर यह ठगी की गई।
पुख्ता साक्ष्य मिलने पर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उन्हें कड़ी सुरक्षा में जिला न्यायालय अंबागढ़ चौकी में प्रस्तुत किया गया। नेपाल कनेक्शन की विस्तृत जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. मनोज कुमारजी (27 वर्ष), निवासी कोडप्पा लेआउट, जिला बेंगलुरु, कर्नाटक
2. सनातन मंडल (32 वर्ष), ग्राम रजपुरा नंबर 02, थाना गदरपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड
3. योगेंद्र सिंह (25 वर्ष), दिनेशपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड
4. युसुफ संधवानी (21 वर्ष), जिला राजकोट, गुजरात
5. राहुल गुप्ता (26 वर्ष), ग्राम माधोपुरा, जिला अहमदाबाद, गुजरात
6. गौतम भाई बागड़ा (20 वर्ष), हरिदर्शन सोसायटी, सूरत, गुजरात
जब्त सामग्री
7 मोबाइल फोन एवं 10 सिम कार्ड,विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग या ऑनलाइन निवेश के नाम पर अज्ञात कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना में दें।
0 टिप्पणियाँ