Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शक्ति दिवस पर हलबा समाज का संगठित शक्ति प्रदर्शन, बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आह्वान : विधायक इंद्रशाह मंडावी

NBPNEWS/मोहला| 27 दिसंबर
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अखिल भारतीय हल्बी हलबा आदिवासी समाज द्वारा 26 दिसंबर को शक्ति दिवस पूरे श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न गांवों में समाजजनों ने शक्ति की आराधना करते हुए आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना की और जनकल्याण की कामना की।
शक्ति दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रथम वीर शहीद गैंदसिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। गांव-गांव में स्वजातीय माताओं एवं बहनों ने प्रातःकाल अपने घरों के सामने गोबर से लिपाई कर रंगोली सजाई तथा देवी के तैलचित्र की पूजा कर कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली। इस दौरान “वीर शहीद गैंदसिंह अमर रहें” और “शक्ति दिवस अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने ग्राम ख्वास फड़की में नव-निर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण कर समाज को समर्पित किया। विधायक मंडावी ने मानपुर विकासखंड के पंचाल फड़की, गुड़ाटोला, देहारी घोटिया, गुबियागढ़ तथा मोहला विकासखंड के भगवानटोला और चौकी के दनगढ़ में आयोजित शक्ति दिवस समारोहों में सहभागिता की और समाजजनों को संबोधित किया।

विधायक मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि हलबा समाज एक संगठित और जागरूक समाज है, लेकिन समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज प्रमुखों से आग्रह किया कि वे समाज को सही दिशा देने की जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पाश्चात्य संस्कृति और चलचित्रों के माध्यम से फैल रही बुरी आदतों, विशेषकर मद्यपान जैसी सामाजिक बुराइयों से समाज को बचाने की आवश्यकता है। अच्छी शिक्षा और संस्कार ही समाज की प्रगति का आधार हैं।
विधायक ने वीर शहीद गैंदसिंह को केवल हलबा समाज ही नहीं, बल्कि सर्वसमाज का नायक बताया और कहा कि उनके साहस और बलिदान से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने समाज को एकता के सूत्र में बंधे रहने का आह्वान किया।
मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुड़ाटोला में शक्ति दिवस के अवसर पर हलबा समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा कलश यात्रा से की गई, इसके पश्चात झंडारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एकता और शक्ति का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर विधायक इंद्रशाह मंडावी के साथ जिला पंचायत सदस्य सुशीला भंडारी, जनपद अध्यक्ष पुष्पा मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक, दिनेश शाह मंडावी, ऋषभ ठाकुर, सागर सिन्हा, तनुज मंडल, भगवानी राम भंडारी, तूका राम आर्य, ब्यास पिस्दा, संत बढ़ाई, मुकुंद कंवलिया, मन्नू रावटे, प्रेमसिंह चुरेंद्र, योगेश्वर कोठारी, नंदू तारम, कलीराम गावर, सरजू राम लाठिया, भारत लाल उमरिया सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ