ग्राम दिघवाड़ी में शासकीय लाल श्याम शाह नवीन महाविद्यालय, मोहला द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य विषय “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” रखा गया था, जिसके अंतर्गत युवाओं द्वारा समाज जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन अवसर के मुख्य अतिथि विधायक इंद्रशाह मंडावी ने माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के शैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शिविर के कार्यक्रम अधिकारी जी.पी. चंद्रवंशी ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि सात दिनों तक स्वयंसेवकों द्वारा योग अभ्यास, बौद्धिक परिचर्चा, स्वच्छता अभियान, रक्तदान एवं साक्षरता जागरूकता, नशामुक्ति जैसे विषयों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक की सराहना
विधायक मंडावी ने समापन दिवस पर लगभग तीन घंटे स्वयंसेवकों के बीच बिताए। उन्होंने नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक को ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर देखा और इसकी मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के अंत में शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
एनएसएस त्याग और सेवा की पाठशाला
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए विधायक इंद्रशाह मंडावी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना त्याग, अनुशासन और सेवा भावना सीखने का प्रमुख केंद्र है। एनएसएस के माध्यम से समाज सेवा करते हुए युवाओं का सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास होता है। उन्होंने स्वच्छता, साइबर अपराध से सतर्कता तथा महिलाओं में आत्मरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विधायक ने कहा कि समाज में किसी भी प्रकार के दुर्गुणों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को नुकसान होता है।
“क्लैप गोज टू” को जीवन में अपनाने की अपील
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए एनएसएस के ध्येय वाक्य “क्लैप गोज टू” को जीवनभर अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह वाक्य सकारात्मक सोच और सामूहिक विकास की दिशा में निरंतर प्रेरित करता है। ऐसे शिविर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सरपंच संतोषी मंडावी, जनपद अध्यक्ष पुष्पा मंडावी, उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक, सुप्रिया मंडावी, किशन मंडावी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ