कलेक्टर तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में जिले के अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा की अगुवाई में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) एवं पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा ऋण प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, लेकिन उच्च शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों को प्राथमिकता के साथ शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी बैंकर्स को स्पष्ट कार्य योजना बनाकर पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभान्वित करने तथा लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, शिक्षा ऋण, हाउसिंग ऋण, बिहान, महिला स्व सहायता समूह, कृषि, पशुधन, मत्स्य, उद्यानिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभागों के माध्यम से प्राप्त सभी लोन एवं ऋण प्रकरणों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना प्रशासन एवं बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बैंकर्स विद्युत विभाग की नोडल एजेंसी एवं पंजीकृत कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर आम नागरिकों को योजना के प्रति जागरूक करें तथा लाभ लेने में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने इस योजना के अंतर्गत लोन स्वीकृति को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने घरों में सोलर संयंत्र स्थापित कर मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने सभी बैंकर्स से आह्वान किया कि वे पात्र हितग्राहियों को उद्यमिता एवं रोजगार मूलक गतिविधियों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी लोन प्रकरण में कोई कमी हो तो संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराकर उसे शीघ्र दूर किया जाए। फील्ड भ्रमण के दौरान बैंकर्स को संबंधित विभागीय फील्ड अधिकारियों को पूर्व सूचना देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समन्वय बेहतर हो सके।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए पंचायत क्लस्टरवार मेगा लोन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें।
0 टिप्पणियाँ