जिले के ग्राम सिंगरायटोला (चिल्हाटी) निवासी संजू कचलामें, पिता लालसाय कचलामें ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में स्थान हासिल किया है। उनका चयन जिला मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी से आरक्षित वर्ग में दूसरे रैंक पर हुआ है। यह सफलता मिलते ही पूरे गांव एवं आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
संजू कचलामें बचपन से ही मेधावी और लक्ष्य–संकल्पित विद्यार्थी रहे हैं। अत्यंत गरीबी और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा जारी रखी। नवोदय विद्यालय में अध्ययन करने के बाद वर्तमान में वे दिल्ली IAS एकेडमी में पीएससी की तैयारी कर रहे हैं। पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के बीच उन्होंने पुलिस भर्ती की तैयारी भी निरंतर जारी रखी और अपने परिश्रम से यह उपलब्धि प्राप्त की।
संग्राम सिंगरायटोला में यह गौरव का क्षण इसलिए भी विशेष है क्योंकि संजू कचलामें गांव के प्रथम युवक हैं, जिन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में चयनित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। उनकी सफलता से सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा गांव, समाज और क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है।
ग्रामवासियों, परिजनों और समाज के वरिष्ठजनों ने संजू कचलामें को हार्दिक बधाइयाँ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संजू कचलामें अत्यंत मेहनती, अनुशासित और लगनशील युवक हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
0 टिप्पणियाँ