Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

राणाटोला में भीषण आगजनी: दो मकान जलकर खाक, दो घंटे बाद पहुंची दमकल टीम

NBP NEWS/ मोहला, 24 जून 2026
जिले के गोटाटोला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राणाटोला में आज बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें देखते ही देखते दो मकान आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में दोनों घरों का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया। हालांकि ग्रामीणों, पुलिस प्रशासन की तत्परता के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राणाटोला निवासी लखन लाल चुरेंद्र के घर में बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए संग्रहित किए गए पैरा (धान का भूसा) में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास स्थित राधे नायक के मकान तक पहुंच गईं। कुछ ही देर में दूसरा घर भी आग की चपेट में आ गया। घटना को देखकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे साथ ही पटवारी वरुण भूआर्य भी और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, ग्रामीणों की मदद से तुरंत ही घर से लगे लगे अन्य घरों के मयार और कांडों को तोड़ने लगे ताकि आग अन्य घरों में न फैले लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाने में समय लगा। पटवारी ने इसकी सूचना भी आला अधिकारियों को दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। वही अंबागढ़ चौकी से दमकल वाहन घटनास्थल पहुंचने के लिए लगभग दो घंटे लग गई । दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से कई घंटों की मशक्कत के बाद शाम तक आग पर नियंत्रण पाया गया। आग पर काबू पाते 75% छत जल चुकी थी ।

आगजनी की इस घटना में दोनों परिवारों के घरों में रखे घरेलू उपयोग के सामान, अनाज , कपड़े , इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। वहीं कच्चे मकानों की छप्पर भी पूरी तरह जल गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही गोटाटोला पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने ग्रामीणों को आग से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए सतर्क किया तथा राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। वहीं शुरुआत से ही राजस्व विभाग के पटवारी भूआर्य आग बुझने के काम में लगे रहे अंततः नुकसान का आकलन करने और पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया में जुटे रहे उनके अनुसार घर 75% प्रतिशत जल गया था, घर के अनाज, घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक आइटम और अन्य सामान जल गए थे।

इस संबंध में गोटाटोला थाना प्रभारी खोमान भंडारी ने बताया कि ग्राम राणाटोला में पैरा में आग लगने से दो मकान इसकी चपेट में आ गए थे। ग्रामीणों और दमकल दल की मदद से आग पर नियंत्रण पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि मकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया है।

मोहला में रखी दमकल गाड़ी सजावट की शो पीस बनी हुई है- 
दमकल गाड़ी अगर मोहला से राणाटोला के लिए निकलती जो कि लगभग दस किलोमीटर है काफी हद तक आग में काबू पाया जाता जबकि अंबागढ़ चौकी से राणा तोला की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है। पूर्व में भी आगजनी के मामले आ चुके है तब भी मोहला के रखी दमकल की गाड़ी नहीं पहुंच पाई थी और पूरा घर जल कर खाक हो चुका था। प्रशासनिक कसावट भी हुई ट्रेनिंग भी हुई लेकिन अब भी वाहन उपयोगी साबित नहीं हो रही।

आरोप है कि जल्द दमकल गाड़ी पहुंच जाती तो काफी हद तक आग पर काबू पाया जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई में मदद मिल सके। आगजनी की इस घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और मायूसी का माहौल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ