Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

पिता की मृत्यु, परिवार की जिम्मेदारी… फिर भी नहीं रूका — जितेन्द्र सलामें बने पुलिसकर्मी”

NBPNEWS/अंबागढ़ चौकी, 11 दिसंबर 2025
अंबागढ़ चौकी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम देवरसुर के युवा जितेन्द्र सलामें ने कठिन परिस्थितियों और जीवन संघर्षों को पीछे छोड़ते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में चयनित होकर क्षेत्र का नाम गर्व से उजागर किया है। उनकी इस सफलता से पूरे देवरसुर गाँव में हर्ष का माहौल है और क्षेत्रवासी उन्हें शुभकामनाएँ दे रहे हैं।

जितेन्द्र के चाचा एवं शिक्षक अंगद सलामें ने बताया कि बहुत कम उम्र में ही जितेन्द्र ने अपने पिता स्व. कृपा राम सलामें को सड़क दुर्घटना में खो दिया था। पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारियाँ—मां, छोटी बहन और छोटे भाई—का बोझ जितेन्द्र के कंधों पर आ गया। आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने सपने को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत जारी रखी।

जितेन्द्र बचपन से ही पुलिस विभाग में सेवा देने का सपना देखते थे। पिछले पाँच वर्षों से वे लगातार फिजिकल अभ्यास और लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटे रहे। कई बार असफलताओं का सामना करने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और धैर्य व लगन के साथ प्रयास जारी रखा। अंततः इस बार उन्होंने सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और गांव को गौरवान्वित किया है।

देवरसुर पंचायत की सरपंच सीमा कोर्राम ने जितेन्द्र की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि समर्पण, मेहनत और दृढ़ इच्छा शक्ति से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है, और जितेन्द्र सलामें ने इसका उज्ज्वल उदाहरण प्रस्तुत किया है।

जितेन्द्र के चयन की खबर मिलते ही उनके मित्रों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके मित्र दिनेश मेश्राम, शुभम उईके, प्रवीण कुंजाम, केशव धुर्वा, फनीष मंडावी, संतोष हारमें, महेन्द्र जुरेशिया सहित अनेक ग्रामीणों ने उन्हें बधाइयाँ देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

जितेन्द्र की सफलता न सिर्फ उनके परिवार के लिए राहत और खुशी लेकर आई है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए यह संदेश भी देती है कि कठिन परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से हर सपना पूरा किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ