Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

जिला साहू संघ का पहला चुनाव सम्पन्न, मदन साहू दूसरी बार अध्यक्ष बने


NBPNEWS/मोहला, 01 दिसंबर 2025।
जिला साहू संघ मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी का ऐतिहासिक चुनाव पहली बार बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। नवगठित जिले में सामाजिक एकजुटता और लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करने वाले इस चुनाव में बड़ी संख्या में समाज के महिलाएं–पुरुषों ने पहुँचकर मतदान किया।
जिला अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में मदनलाल साहू ने एक बार फिर अपना परचम लहराया। उन्हें कुल 255 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी शिव प्रसाद साहू को 139 मत मिले। इस तरह मदन साहू ने 116 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर दूसरी बार जिला साहू संघ का नेतृत्व संभालने का अवसर प्राप्त किया।
जिला निर्माण के बाद वर्ष 2022 में जिला साहू संघ का गठन किया गया था, जिसमें प्रदेश स्तर से मदन साहू को मनोनीत जिला अध्यक्ष बनाया गया था। निर्धारित कार्यकाल पूर्ण होने के बाद इस बार पहली बार औपचारिक निर्वाचन की प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस चुनाव में कुल पांच पदों के लिए प्रक्रिया हुई, जिनमें से दो पद निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि शेष तीन पदों पर मतदान कराया गया।
चुनाव परिणाम के अनुसार –

जिला अध्यक्ष : मदनलाल साहू (निर्वाचित), उपाध्यक्ष (पुरुष) : छन्नू साहू (निर्वाचित),उपाध्यक्ष (महिला) : कांति साहू (निर्वाचित)
संगठन सचिव अर्जुन कलिहरे (पुरुष)
दिलेश्वरी साहू (महिला)
चुनाव सम्पन्न होने के बाद विजयी प्रत्याशियों का समाजजनों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। मौके पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुँचे समाज प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने तथा शिक्षा, सामाजिक समरसता और युवाओं के मार्गदर्शन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा ने भी विजयी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए समाज हित में निरंतर कार्य करने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास और अधिकारों की प्रभावी आवाज उठाने में सक्षम होता है, ऐसे में जिला साहू संघ की यह नई निर्वाचित टीम समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उत्साह, अनुशासन और भाईचारे के बीच सम्पन्न हुआ यह चुनाव जिला साहू समाज के लिए एक नई दिशा और ऊर्जा लेकर आया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ