NBPNEWS/ औंधी, 01 दिसंबर 2025 छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में एक बार फिर टाइगर की उपस्थिति दर्ज की गई है। वन मंडल मोहला के डीएफओ दिनेश पटेल ने शनिवार को टाइगर की आमद की आधिकारिक पुष्टि की। जानकारी के अनुसार औंधी क्षेत्र के नवागढ़ के पास स्थित कक्ष क्रमांक 1080 में टाइगर दिखने के प्रमाण मिले हैं।
ग्रामीणों द्वारा बछड़े के शिकार की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम को वहां टाइगर के स्पष्ट पगमार्क मिले, जिसके आधार पर टाइगर की आमद की पुष्टि की गई है। विभागीय अधिकारियों ने शिकार हुए बछड़े का पंचनामा तैयार कर प्रकरण दर्ज कर लिया है, जिससे प्रभावित पशुपालक को मुआवजा प्रदान किया जा सकेगा।
डीएफओ दिनेश पटेल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे टाइगर के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और अकेले जंगल की ओर न जाएं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग क्षेत्र में सतत् निगरानी बनाए हुए है।
टाइगर की यह गतिविधि इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जबकि वन विभाग ग्रामीणों को जागरूक कर सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।
0 टिप्पणियाँ