मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में मां-बेटे के बीच हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर विवाद के बाद बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां के सिर पर बांस के डंडे से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतिका की पहचान इद्रोतिन बाई नुरेटी (40 वर्ष), पति अमित राम नुरेटी, निवासी टांगापानी (तुमडीकसा), थाना मानपुर के रूप में हुई है। मामले की शुरुआत थाना मानपुर में दर्ज मर्ग क्रमांक 36/2026 की जांच से हुई।
शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
जांच के दौरान सामने आया कि 12 अगस्त 2026 को हरेली पर्व के अवसर पर परिवार के सदस्य खेत में पूजा करने गए थे। उस समय घर में इद्रोतिन बाई नुरेटी और उसका 24 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार नुरेटी मौजूद थे।
पुलिस जांच और गवाहों के कथनों के मुताबिक, रोहित ने शराब पीने के लिए अपनी मां से रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान रोहित ने बांस के डंडे से अपनी मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
कुछ समय बाद परिजन घर लौटे तो महिला खाट पर पड़ी मिली। पुलिस के अनुसार, मृतिका ने इशारे के माध्यम से अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट से मौत की पुष्टि
मर्ग जांच के दौरान शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट और उससे उत्पन्न जटिलताओं को बताया तथा मृत्यु की प्रकृति हिंसात्मक (Homicidal) होना दर्ज किया।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, शव पंचनामा, परिजनों एवं गवाहों के कथनों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना मानपुर में अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आरोपी पुत्र गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित कुमार नुरेटी (24 वर्ष), पिता अमित राम नुरेटी, निवासी टांगापानी (तुमडीकसा) को 16 अगस्त 2026 को दोपहर 1:40 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी मानपुर उप निरीक्षक रविशंकर डहरिया, सहायक उप निरीक्षक गंगसाय किरंगे, प्रधान आरक्षक 146 कार्तिक राम भुआर्य, आरक्षक 148 संतोष कुमार ठाकुर एवं आरक्षक 462 नरेंद्र ध्रुव की सराहनीय भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ