NBP NEWS/ औंधी, 16 अगस्त 2026 लगातार हो रही बारिश के बीच मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी तहसील मुख्यालय में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में खेल रहे भाई-बहन की डबरीनुमा गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। छह वर्षीय एलेक्स को डूबता देख उसकी 12 वर्षीय बहन सृष्टि उसे बचाने पानी में उतरी, लेकिन दोनों पानी से बाहर नहीं निकल सके। हादसे के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार ग्राम औंधी निवासी निजी विद्यालय के शिक्षक जीवन तिर्की के बच्चे सृष्टि और एलेक्स रविवार दोपहर गांव से लगे अपने खेत में खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों खेत में बने डबरीनुमा गड्ढे के पास पहुंच गए। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भर गया था।
खेलते समय छह वर्षीय एलेक्स अचानक पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख 12 वर्षीय सृष्टि उसे बचाने के लिए पानी में उतर गई। उसने भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण दोनों ही बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में कुछ दूरी पर मौजूद थे। जानकारी मिलने पर दोनों को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
छठवीं और पहली कक्षा में पढ़ते थे दोनों
सृष्टि कक्षा छठवीं और एलेक्स कक्षा पहली में पढ़ता था। दोनों ने 15 अगस्त को विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया था। स्वतंत्रता दिवस के अगले ही दिन हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
औंधी थाना प्रभारी उप निरीक्षक नवल साव ने घटना की पुष्टि की है। लगातार बारिश के कारण दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम 17 अगस्त को किया जाएगा। हादसे के बाद परिवार के साथ पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
0 टिप्पणियाँ