मोहला, 30 नवंबर 2025। मोहला वनमंडल के मानपुर डिपो में आज लाख पालन विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को लाख उत्पादन के वैज्ञानिक तरीकों, इसके व्यावसायिक लाभ और पर्यावरणीय महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला का संचालन मास्टर ट्रेनर मीतू गुप्ता, सूर्य कुमार ध्रुव और गरिमा कश्यप द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बिहान लाख का ट्रिटमेंट, कुसुम पेड़ में लाख लगाने की प्रक्रिया तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया, जिससे ग्रामीणों को वास्तविक तौर पर लाख पालन की विधि समझने में आसानी हुई।
विशेषज्ञों ने बताया कि लाख पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह न केवल लाभकारी व्यवसाय है, बल्कि इससे स्थानीय लोगों के लिए अतिरिक्त रोजगार अवसर भी सृजित होते हैं। इसके साथ ही लाख पालन पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, क्योंकि यह पेड़ों की प्राकृतिक वृद्धि को बढ़ावा देता है और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में मदद करता है।
कार्यशाला के दौरान 110 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने लाख पालन के विभिन्न पहलुओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तृत समाधान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वनमंडल अधिकारी मोहला, उपवनमंडल अधिकारी मानपुर, परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर मानपुर, दक्षिण मानपुर और अंबागढ़ चौकी भी मौजूद रहे। इसके अलावा समिति खैरकट्टा, चिखलाकसा, पुगदा, उचहपुर, खुर्सीपार, कारेकट्टा और जालवाही के सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
0 टिप्पणियाँ