छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के आह्वान पर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को 27वें दिन भी जारी रही। इस दौरान मोहला में एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक अनोखी “मनोकामना रैली” निकाली।
भगवान से मांगी सरकार को सद्बुद्धि
कर्मचारियों ने माता छुरिया मंदिर तक रैली निकालकर सरकार से अपनी मांगें पूरी करने की प्रार्थना की। उनका कहना है कि वे वर्षों से संविदा सेवा में कार्यरत हैं, लेकिन अब तक नियमितीकरण और वेतन विसंगति जैसी प्रमुख मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
स्वास्थ्य सुविधाएं ठप, आंदोलन पर अड़े कर्मचारी
पिछले 26 दिनों से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। एनएचएम कर्मचारी लगातार विभिन्न तरीकों से विरोध दर्ज करा रहे हैं। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
शांतिपूर्ण संघर्ष, सिर्फ न्याय की मांग
रैली में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल न्याय चाहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही सकारात्मक पहल करेगी और संविदा कर्मचारियों को न्याय मिलेगा।
0 टिप्पणियाँ