NBPNEWS/अं चौकी, 16 सितंबर 2025 जिले के ग्राम खैरी पांगरी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार शाम करंट लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पिता, पुत्र और माता शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेत में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, खैरी पांगरी गांव निवासी सुरतराम बोगा (62 वर्ष) का खेत कोठार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित है। सोमवार शाम 6 से 7 बजे के बीच सुरतराम खेत में पहुंचे थे। इसी दौरान वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए। पिता को छटपटाता देख पुत्र रूपलाल बोगा (27 वर्ष) दौड़कर उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
मां भी नहीं बच पाई
पुत्र और पति देर तक घर नहीं लौटे तो पत्नी भागबती बाई (58 वर्ष) उन्हें देखने खेत पहुंची। वहां पहुंचते ही वह भी करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। देखते ही देखते एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदगी मौत में बदल गई।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पाटन खास थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा।
इस त्रासदी से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और हर कोई स्तब्ध है कि बिजली हादसे ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया।
0 टिप्पणियाँ