Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला में बनेगा बेहतर खेल और जिम इंफ्रास्ट्रक्चर, कलेक्टर ने दिए निर्देश

NBP NEWS / मोहला, 27 अगस्त 2026।

जिले में खेल एवं व्यायाम गतिविधियों को बढ़ावा देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। इसी क्रम में कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिला मुख्यालय मोहला के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए उपलब्ध अधोसंरचना का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने भोजटोला रोड स्थित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय एवं गोदाम परिसर का निरीक्षण करते हुए वहां जिम विकसित किए जाने की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने भवन की स्थिति और उपलब्ध स्थान का अवलोकन कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत एवं अन्य कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने परिसर के समीप स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण की संभावनाओं का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने तालाब परिसर को व्यवस्थित रूप से विकसित करने और नागरिकों के लिए वॉकिंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने दशहरा मैदान स्थित सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा इसे विभिन्न खेल एवं अन्य गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाने की संभावनाओं की जानकारी ली। भवन की आवश्यक मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर क्षेत्र में खेल गतिविधियों के संचालन और आवश्यक सुविधाओं को लेकर सुझाव भी लिए।

कलेक्टर श्रीमती सलाम ने वन-धन केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने यहां बैडमिंटन कोर्ट को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वॉशरूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में युवाओं और नागरिकों को खेल एवं व्यायाम के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेल अधोसंरचना के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोहला हेमेन्द्र भूआर्य, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग सुश्री रितु खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ