Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सावन के अंतिम सोमवार पर मोहला में दिखा अद्भुत नजारा, अघोरी झांकी ने मोहा मन



NBP NEWS/मोहला, 25 अगस्त 2026।
सावन के आखिरी सोमवार की रात जिला मुख्यालय मोहला पूरी तरह शिव भक्ति में रम गया। जय श्री महाकाल मित्र मंडल, मोहला द्वारा पहली बार आयोजित भव्य शिव शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दुर्ग-अंजोरा से पहुंचे अघोरी डांस ग्रुप की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन में आकर्षण का केंद्र बनाया।

शोभायात्रा पुराना शिव मंदिर से शुरू होकर नगर भ्रमण करते हुए फौव्वारा चौक होते हुए शीतला मंदिर पहुंची। यहां शिव पालकी और श्रद्धालुओं ने शीतला माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा पुनः पुराना शिव मंदिर पहुंची, जहां राजातालाब में शिव पालकी का विधिवत ठंडा किया गया।

अघोरी डांस और शिवमय प्रस्तुतियों ने जीता दिल

शोभायात्रा के दौरान दुर्ग-अंजोरा के अघोरी डांस ग्रुप ने रास्तेभर अलग-अलग प्रस्तुतियां दीं। डीजे की धुन पर भगवान शिव की महिमा और शिव से जुड़ी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नंदी पर सवार काली माता, शिव-पार्वती और अघोरियों के दल की आकर्षक झांकी ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा। झांकी को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान शिव स्वयं अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करने मोहला पहुंचे हों।

युवाओं की मेहनत ने बनाया आयोजन यादगार

जय श्री महाकाल मित्र मंडल द्वारा पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में युवाओं की टोली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभालते हुए श्रद्धालुओं का विश्वास और दिल जीत लिया।

शोभायात्रा के दौरान समिति प्रबंधन, पुलिस प्रशासन और मोहला के नागरिकों के संयुक्त प्रयास से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन ने मोहला में शिवभक्ति का ऐसा माहौल बनाया, जिसकी चर्चा आज दिनभर होती रही।

शोभा यात्रा में लाल लक्ष्मेद्र शाह पानाबरस राज, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह,धनंजय पांडे सहित समिति के प्रमुख सदस्य संतोष खिलहरे, सागर राजपूत, लक्की यादव, युगल आदि पुरुष, महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ