मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के तिरपेमेटा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन को लेकर NBP NEWS की खबर का बड़ा असर सामने आया है। नौनिहालों के लिए नया आंगनबाड़ी भवन बनकर तैयार होने के बावजूद केंद्र का संचालन पुराने पंचायत भवन में किए जाने और वहां बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सवालों को NBP NEWS ने प्रमुखता से उठाया था। खबर सामने आने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर सौरभ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तिरपेमेटा आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन नवनिर्मित भवन में करने के निर्देश दिए हैं। इससे लंबे समय से पुराने भवन में संचालित हो रहे केंद्र को अब नए भवन में शिफ्ट किए जाने की राह साफ हो गई है।
बच्चों के लिए बना भवन, फिर भी पुराने भवन में चल रहा था केंद्र
तिरपेमेटा में नौनिहालों के लिए नया आंगनबाड़ी भवन तैयार हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद केंद्र का संचालन पंचायत भवन में किया जा रहा था। NBP NEWS ने मौके की स्थिति सामने लाते हुए सवाल उठाया था कि जब बच्चों के लिए नया भवन बनकर तैयार है, तो आखिर आंगनबाड़ी केंद्र पुराने भवन में क्यों संचालित किया जा रहा है?
मामला सिर्फ भवन के इस्तेमाल तक सीमित नहीं था। पंचायत भवन परिसर में पानी की टंकी के नीचे खुले गड्ढे भी बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बने हुए थे।
खबर सामने आई तो अधिकारी ने दिखाई तत्परता
NBP NEWS की खबर के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर सौरभ ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित स्तर पर आवश्यक निर्देश जारी किए। 22 अगस्त को जारी जांच प्रतिवेदन के अनुसार, अधिकारियों के निर्देश पर आंगनबाड़ी केंद्र को नवनिर्मित भवन में संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
जांच के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली गई। वर्तमान में केंद्र पंचायत भवन में संचालित होना पाया गया, जबकि नया आंगनबाड़ी भवन तैयार हो चुका है।
प्रतिवेदन के अनुसार सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति से सोमवार से नए भवन में सामान शिफ्ट कर उद्घाटन पश्चात आगनबाड़ी केंद्र का संचालन शुरू करने पर सहमति बनी है।
नए भवन में संचालन शुरू होने से क्षेत्र के नौनिहालों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
NBP NEWS ने सवाल उठाया—नया भवन तैयार होने के बाद भी बच्चे पुराने और असुरक्षित परिसर में क्यों पढ़ें?
अब विभागीय कार्रवाई के बाद तस्वीर बदलती नजर आ रही है। नए आंगनबाड़ी भवन में केंद्र का संचालन शुरू होने से बच्चों को बेहतर और अपेक्षाकृत सुरक्षित वातावरण मिलने की उम्मीद है।
अब खुले गड्ढों पर भी हो कार्रवाई
नए भवन में आंगनबाड़ी केंद्र शुरू करने के निर्देश राहत जरूर देते हैं, लेकिन पंचायत भवन परिसर में पानी की टंकी के नीचे मौजूद खुले गड्ढों को लेकर भी तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।
ग्रामीणों की मांग है कि इन गड्ढों को भरवाया जाए या सुरक्षित घेराबंदी की जाए, ताकि भविष्य में बच्चों अथवा ग्रामीणों के साथ किसी तरह की दुर्घटना न हो।
NBP NEWS की खबर के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर सौरभ द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर नए आंगनबाड़ी भवन में संचालन के निर्देश देना निश्चित रूप से सकारात्मक कदम है।
अब ग्रामीणों को इंतजार है कि नए भवन में जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन शुरू हो और तिरपेमेटा के नौनिहालों की किलकारियां उस भवन में गूंजें, जो उन्हीं के लिए बनाया गया है।
0 टिप्पणियाँ