Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

चाकू की नोक पर बाइक और नकदी लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹1 लाख का माल बरामद

NBP NEWS/ अंबागढ़ चौकी, 20 अगस्त
थाना चिल्हाटी पुलिस ने चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल और नकदी लूटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकदी और चोरी का वाटर पंप समेत करीब 1 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात ग्राम बुद्धि-बंजारी बाजार से सामान खरीदकर लौट रहे रामप्रसाद मांडवी, निवासी कुसुमकाश को रास्ते में तीन लोगों ने रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये थी, तथा 2 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर धमकी भी दी गई।

पीड़ित ने 20 अगस्त को थाना चिल्हाटी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना चिल्हाटी में अपराध क्रमांक 61/2026 के तहत धारा 309(6), 311 BNS में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने विश्वनाथ तरम, राकेश कुमार कमर और गोविंद राम कमर, तीनों निवासी हज्जू टोला, थाना चिल्हाटी, से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 11 अगस्त 2026 को ग्राम पांडूटोला से वाटर पंप चोरी करने की घटना में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, 1,500 रुपये नकद और एक वाटर पंप बरामद किया। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।

तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय CGM अंबागढ़ चौकी में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल कराया गया।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय मेरावी, PSI उमेश लहरे, सहायक उप निरीक्षक जगमोहन कुंजाम एवं मायाराम नेताम, प्रधान आरक्षक सुनील लहरे एवं परमेश्वर यादव तथा आरक्षक बसंत ध्रुव, हेमलाल ठाकुर, महेश मरिया और अश्वनी साहू का विशेष योगदान रहा।

पुलिस का कहना है कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ