NBP NEWS/ मोहला, 15 अगस्त 2026। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम स्कूल ग्राउंड मोहला में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद शांति के प्रतीक श्वेत कपोत तथा विकास और राष्ट्रगौरव के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, उपाध्यक्ष भोजेश शाह मंडावी, जनपद पंचायत मोहला अध्यक्ष गैंदकुवर ठाकुर, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, डीएफओ दिनेश पटेल, एडीएम मिथलेश डोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जवानों और विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया आकर्षक मार्च पास्ट
ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। समारोह में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने परेड में शामिल जवानों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शहीद परिवारों के सदस्यों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। राज्यसभा सांसद ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के स्कूली बच्चों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति की भावना से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहला, द्वितीय स्थान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मोहला तथा तृतीय स्थान सरस्वती शिशु मंदिर मोहला ने प्राप्त किया।
वहीं परेड मार्च पास्ट प्रदर्शन में प्रथम स्थान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी पुलिस बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल महिला टुकड़ी तथा तृतीय स्थान जिला पुलिस बल नव आरक्षक टुकड़ी ने हासिल किया।
0 टिप्पणियाँ