Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

लक्ष्मी वर्मा ने किया आरसेटी और सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ, बोलीं- प्रशिक्षण को बनाएं आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम

NBP NEWS/ मोहला, 16 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने मानपुर विकासखंड में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) एवं सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं से संवाद कर उन्हें कौशल विकास के साथ स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने मानपुर में शुरू हुए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का निरीक्षण किया और यहां संचालित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं ट्रेड की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि आरसेटी के प्रथम बैच में महिलाओं को पशु सखी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षणार्थी महिलाओं से चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना आरसेटी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण को केवल सीखने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार का माध्यम बनाएं।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने प्रशिक्षण कक्ष का भी अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
चार से छह दिनों में मिल रहे प्रमाण पत्र

राज्यसभा सांसद ने अनुविभागीय कार्यालय मानपुर परिसर में सेवा सेतु केंद्र का भी शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली और लाभान्वित हितग्राहियों से सीधे संवाद किया।
मानपुर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जो उन्हें मात्र चार दिनों में प्राप्त हो गया। वहीं आर्यन कुमार एवं सुलेमान ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करने के बाद उन्हें छह दिनों में जाति प्रमाण पत्र मिल गया।
समयबद्ध तरीके से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने खुशी जाहिर करते हुए शासन की इस पहल की सराहना की।

सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं और आवश्यक दस्तावेज सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसे केंद्रों से लोगों को शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य किया जाए, ताकि लोगों को बिना परेशानी के समय पर आवश्यक दस्तावेज एवं शासकीय सेवाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसएसपी यशपाल सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, जनपद सदस्य रेणु टांडिया, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ