Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026: मोहला में जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न, 104 स्कूलों के शिक्षक हुए शामिल

NBP NEWS/ मोहला, 11 अगस्त 2026
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विज्ञान एवं गणित विषय के व्याख्याताओं और शिक्षकों के लिए सोमवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला पीएम श्री सेजेस मोहला में संपन्न हुई, जिसमें जिले के 104 विद्यालयों के व्याख्याता एवं शिक्षक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों एवं प्रतिभागी शिक्षकों का स्वागत किया गया।

सतत विकास और नवाचार पर रहेगा फोकस

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक जसवंत मंडावी ने वर्ष 2026 की थीम “सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार” की जानकारी देते हुए इसके विभिन्न उप-विषयों, अनिवार्य अर्हताओं और विद्यार्थियों के पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यशाला में स्रोत शिक्षकों द्वारा अलग-अलग उप-विषयों पर परियोजना निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। कौशल वर्मा ने अपशिष्ट प्रबंधन (5R), सुनील चौरसिया ने ऊर्जा (4E), गुलाब सिन्हा ने जल एवं सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली का उपयोग तथा राजेंद्र ठाकुर ने खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य विषय पर परियोजना निर्माण से जुड़ी आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश प्रदान किए।

शिक्षकों को परियोजना निर्माण के लिए मिला मार्गदर्शन

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को विज्ञान आधारित परियोजनाओं के लिए तैयार करना तथा उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना रहा। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को परियोजना के विषय चयन, शोध प्रक्रिया और प्रस्तुतीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।

कार्यक्रम के सफल प्रबंधन में संजय देवांगन एवं भावेश निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि ज्ञानेंद्र रामटेके ने मंच संचालन किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहला राजेंद्र देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मानपुर ए.आर. कौर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस. धीवर तथा पीएम श्री सेजेस मोहला की प्राचार्य सीमा वर्मा उपस्थित रहीं। अधिकारियों एवं प्राचार्य ने भी परियोजना निर्माण से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा करते हुए कार्यशाला में शामिल व्याख्याताओं एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यशाला के माध्यम से जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच विज्ञान, नवाचार और सतत विकास की अवधारणा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ