भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के तहत भावसर फाउंडेशन द्वारा बिलासपुर के सकरी स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित 12 दिवसीय जिला स्तरीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 9 मार्च 2026 से 21 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें जिले के 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को बढ़ावा देना, नए उद्यमियों को व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से जोड़ना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME क्षेत्र की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार तक पहुंच को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षिका संध्या चन्द्रसेन ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास के अवसर, MSME के तहत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय की योजना तैयार करने, बाजार सर्वेक्षण, बाजार से जुड़ाव (मार्केट लिंकेज), टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, दस्तावेजीकरण तथा वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, व्यवसाय संचालन एवं विपणन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रशिक्षिका संध्या चन्द्रसेन ने सभी प्रश्नों के विस्तारपूर्वक उत्तर देकर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
समापन समारोह में प्रशिक्षिका ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। 12 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने सक्रिय एवं पूर्ण सहभागिता निभाई। विभिन्न प्रशिक्षण पद्धतियों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
भावसर फाउंडेशन के अनुसार, इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने, नए व्यवसाय स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ