Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

🚨 BREAKING: मोहला पुलिस लाइन के पास दिखा वयस्क भालू, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

NBP NEWS/ मोहला, 02 जुलाई : 
जिला मुख्यालय मोहला से कुछ ही दूरी पर पुलिस लाइन के समीप स्थित माडिंगपीड़िंग गांव के मुख्य मार्ग पर बुधवार रात एक वयस्क भालू दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 8 बजे की है, जब मोहला से माडिंगपीड़िंग लौट रहे गांव के तीन युवकों ने मुख्य मार्ग के पास एक दुकान के समीप भालू को देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल अन्य ग्रामीणों और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार, लोगों की आवाजाही बढ़ने पर भालू दौड़ते हुए कुछ दूरी पर स्थित हेमंत टोप्पा के खेत में पहुंच गया और वहां एक तेंदू के पेड़ पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की हिदायत दी।
वन विभाग की टीम ने देर रात तक भालू को सुरक्षित जंगल की ओर वापस भेजने का प्रयास जारी रखा। करीब रात 10 बजे भालू पेड़ से उतरकर जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग ने की पुष्टि

वन विकास निगम के एसडीओ वीरेंद्र पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने पर विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय भालू पेड़ पर था। टीम ने आवश्यक सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित जंगल की ओर भेजने की कार्रवाई की। साथ ही आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में भालू के पास न जाने की सलाह दी गई।

पहले भी कई बार दिख चुका है भालू

गांव के युवकों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव के आसपास चार बार भालू दिखाई दे चुका है, जिससे ग्रामीणों में लगातार चिंता बनी हुई है।

जंगलों के दोहन का असर

स्थानीय लोगों का मानना है कि जंगलों के लगातार हो रहे दोहन और प्राकृतिक आवास सिमटने के कारण जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में अब गांवों और बस्तियों के नजदीक पहुंचने लगे हैं। ऐसे में वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ