भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा धमतरी जिले के कोड़ापार सामुदायिक भवन में आयोजित जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 24 मार्च 2026 से 4 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें जिले के 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापित करने और सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल उपलब्ध कराना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच और व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक रविंद्र नाग ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना तैयार करने, वित्तीय प्रबंधन, दस्तावेजीकरण, बाजार सर्वेक्षण, बाजार लिंकेज तथा टिकाऊ व्यवसाय मॉडल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं संवादात्मक पद्धति से संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की बेहतर समझ विकसित हुई।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यापार योजना, बाजार सर्वेक्षण तथा बाजार लिंकेज से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रशिक्षक रविंद्र नाग ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया।
समापन समारोह में रविंद्र नाग ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं। बारह दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण सहभागिता के साथ भाग लिया। विभिन्न प्रशिक्षण पद्धतियों के माध्यम से संचालित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और प्रतिभागियों ने इसे स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल बताया।
0 टिप्पणियाँ