Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

RAMP योजना के तहत पामगढ़ में 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन 122

NBP NEWS/जांजगीर-चांपा,02 जुलाई 
भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा चण्डीपारा सामुदायिक भवन, पामगढ़ में 8 जून से 21 जून 2026 तक जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उद्यमिता, स्वरोजगार एवं MSME से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापित करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और बाजार से जुड़ने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME इकाइयों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक आमना बेगम ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान व्यवसाय योजना तैयार करना, वित्तीय प्रबंधन, बाजार सर्वेक्षण, बाजार लिंकेज तथा टिकाऊ व्यवसाय मॉडल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं व्यावहारिक शैली में संचालित किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे प्रशिक्षण के दौरान उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा व्यवसाय शुरू करने से जुड़ी विभिन्न जिज्ञासाओं को प्रशिक्षक के समक्ष रखा। प्रश्नोत्तर सत्र में वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए दस्तावेजीकरण, व्यवसाय योजना, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वेक्षण और बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिनका प्रशिक्षक द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।

समापन समारोह में प्रशिक्षक आमना बेगम ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि RAMP योजना युवाओं और नवोदित उद्यमियों के लिए स्वरोजगार एवं व्यवसाय विकास का एक प्रभावी माध्यम बन रही है।

भावसर फाउंडेशन ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा MSME क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ