छत्तीसगढ़ी संगीत जगत की लोकप्रिय गायिका कंचन जोशी और मोहला-मानपुर-चौकी जिले के उभरते युवा कलाकार डेविड नंदा एक बार फिर अपने नए गीत के साथ दर्शकों के बीच आने वाले हैं। दोनों कलाकारों की जोड़ी इससे पहले अपने सुपरहिट गीत "मोर करेजा" से धूम मचा चुकी है, जिसे 13 मिलियन से अधिक व्यूज़ प्राप्त हुए हैं। इस शानदार सफलता के बाद अब दोनों कलाकार एक नए और धमाकेदार प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इस नए गीत की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है। गीत को आकर्षक वीडियो के साथ JD Records YouTube Channel पर रिलीज किया जाएगा। संगीत प्रेमियों के बीच इस नए प्रोजेक्ट को लेकर अभी से उत्सुकता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इस गीत की सबसे बड़ी खासियत इसके बोल हैं, जिन्हें छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गीतकार दीवान जी ने लिखा है। दीवान जी अपने भावपूर्ण और जनमानस से जुड़ने वाले गीतों के लिए जाने जाते हैं। उनका चर्चित गीत "मया मया होगे मया, मया मा मोला फांस डारे रे" पहले ही दर्शकों और श्रोताओं के बीच बड़ी लोकप्रियता हासिल कर चुका है। इस बार डेविड नंदा के रैप सॉन्ग में भी उनके लेखन का अनूठा अंदाज देखने को मिलेगा, जिससे गीत को एक नया रंग और पहचान मिलने की उम्मीद है।
गीत का संगीत निर्माण अनिक म्यूजिक मुंबई द्वारा किया गया है, जबकि इसकी वोकल रिकॉर्डिंग श्री साईं स्टूडियो रायपुर में संपन्न हुई है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के निर्माता देवेंद सोनवानी और रमन साहू हैं, जो लगातार क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं।
वनांचल क्षेत्र से निकलकर अपनी अलग पहचान बनाने वाले डेविड युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। वहीं कंचन की मधुर आवाज और लगातार मिल रही सफलताओं ने उन्हें छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के प्रमुख कलाकारों में शामिल कर दिया है।
संगीत प्रेमियों को उम्मीद है कि कंचन और डेविड की यह नई प्रस्तुति भी "मोर करेजा" की तरह दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल करेगी और रिलीज होते ही एक और बड़ा हिट गीत साबित होगी।
0 टिप्पणियाँ