भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा RSETI मीटिंग हॉल, जांजगीर-चांपा में 26 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय एक दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उद्यमिता, स्वरोजगार और MSME से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें RAMP योजना के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना था। योजना के माध्यम से MSME की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक भानु दास ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास के अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं संवादात्मक शैली में संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवसाय शुरू करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आगामी 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों की सहमति भी प्राप्त की गई। प्रशिक्षक भानु दास ने आगामी प्रशिक्षण की रूपरेखा, उद्देश्य एवं उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं।
भावसर फाउंडेशन ने बताया कि RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, नए उद्यम स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साह, सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ